बुधवार, 18 अप्रैल, 2007 को 16:41 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पूर्व टेस्ट खिलाड़ी सलाहुद्दीन अहमद को टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया है.
पीसीबी ने बुधवार को नई चयन समिति की घोषणा की. इस तीन सदस्यीय समिति में पूर्व खिलाड़ी सलीम जाफ़र और शफ़ाक़त राना भी शामिल हैं.
सलाहुद्दीन अहमद 12 बार राष्ट्रीय चयन समिति के सदस्य रह चुके हैं. वे 1965-69 के बीच पाँच टेस्ट खेल चुके हैं.
इस मौके पर उन्होंने कहा, "टीम के सामने कड़ी चुनौती है. विश्व कप में मिली निराशा के बाद हमें नए सिरे से शुरुआत करनी होगी."
सलाहुद्दीन अहमद वसीम बारी की जगह लेंगे जिन्होंने विश्व कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद इस्तीफ़ा दे दिया था.
सुपर-8 दौर से पहले ही पाकिस्तान आयरलैंड के हाथों हार कर विश्व कप से बाहर हो गया था.
हार के एक दिन बाद टीम के कोच बॉब वूल्मर की हत्या कर दी गई थी.
उसके बाद पाकिस्तानी टीम के कप्तान इंज़माम उल हक़ ने कप्तानी छोड़ने और वनडे मैचों से संन्यास लेने का फ़ैसला किया था.
पाकिस्तान ने अभी टीम के नए कप्तान के नाम की घोषणा नहीं की है.