मंगलवार, 17 अप्रैल, 2007 को 14:44 GMT तक के समाचार
एशिया ओलंपिक संघ ने 2014 में होने वाले एशियाई खेलों की मेज़बानी के लिए दक्षिण कोरिया के इन्च्योन शहर को चुना है.
भारत को 2014 के एशियाई खेलों की मेज़बानी का प्रबल दावेदार माना जा रहा था और संभावना थी कि भारत की राजधानी दिल्ली को इसकी मेज़बानी करने का मौका दिया जाता.
हालांकि ऐसा नहीं हो सका और मंगलवार को एशिया ओलंपिक संघ की ओर से इसके लिए दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध इन्च्योन शहर का नाम घोषित कर दिया.
यह फ़ैसला एशिया ओलंपिक संघ के 26वें महाधिवेशन में लिया गया.
इस महाधिवेशन का आयोजन कुवैत शहर में 14 अप्रैल से 17 अप्रैल के दौरान किया गया था. मंगलवार यानी 17 अप्रैल को दोपहर बाद उस शहर का नाम घोषित किया जाना था जो कि 2014 के एशियाई खेलों की मेज़बानी करता.
इन्च्योन से पहले दक्षिण कोरिया के दो शहरों को एशियाई खेलों के आयोजन का अवसर मिल चुका है. सियोल के अलावा बुसान में भी एशियाई खेलों का आयोजन पहले ही हो चुका है.
इन्च्योन के नाम की घोषणा के साथ ही तय हो गया है कि यह तीसरा ऐसा दक्षिण कोरियाई शहर होगा जहाँ एशियाई खेलों का आयोजन हो चुका है.
भारत की दावेदारी
भारतीय ओलंपिक संघ को इस आयोजन के लिए दावेदारी पेश करने की मंज़ूरी मार्च 2005 में ही मिल गई थी.
वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी करने वाला भारत 2014 में एशियाई खेलों की मेज़बानी को लेकर बहुत उत्साहित भी था.
इससे पहले भारत 1951 और 1982 में एशियाई खेलों का आयोजन कर चुका है.
इस समय दिल्ली को राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की मेज़बानी के लिए तैयार किया जा रहा है.