http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 अप्रैल, 2007 को 14:01 GMT तक के समाचार

'नोटिस का जवाब भेजा, माफ़ी नहीं मांगी'

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच ग्रेग चैपल के साथ कथित विवाद मामले में सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह ने मीडिया से बात की तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दोनों खिलाड़ियों को नोटिस जारी कर दिया था.

अब सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह ने बीसीसीआई को इस नोटिस का जवाब भेज दिया है. लेकिन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का कहना है कि उन्होंने क्या स्पष्टीकरण दिया है- इस बारे में सोमवार को ही जानकारी मिल पाएगी.

उन्होंने कहा कि बीसीसीआई का कार्यालय शनिवार और रविवार को बंद रहता है इसलिए सोमवार को ही पता चलेगा कि इन दोनों खिलाड़ियों ने क्या जवाब दिए हैं.

उन्होंने इसकी पुष्टि की कि खिलाड़ियों के जवाब बीसीसीआई को मिल गए हैं लेकिन इन ख़बरों का खंडन किया कि दोनों खिलाड़ियों ने बोर्ड से माफ़ी मांगी है.

'माफ़ी नहीं'

राजीव शुक्ला ने कहा, "माफ़ी मांगने की बात बकवास है. माफ़ी मांगने का सवाल ही कहाँ उठता है. बोर्ड ने तो उनसे सिर्फ़ स्पष्टीकरण मांगी थी. उनसे तो ये पूछा गया है कि उन्होंने क्या कहा था."

दरअसल विश्व कप में भारतीय टीम की हार के बाद टीम की काफ़ी आलोचना हुई. देश में तो क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों के पुतले भी जलाए.

बाद में मीडिया में ये ख़बर आई कि ग्रेग चैपल ने कथित रूप से सचिन तेंदुलकर सहित टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों के रुख़ पर सवाल उठाए हैं और कड़ी टिप्पणी की है.

इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया के साथ बातचीत में कहा कि उन्हें इससे काफ़ी दुख पहुँचा है कि उनके रुख़ पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

हालाँकि बाद में ग्रेग चैपल ने बोर्ड को अपनी रिपोर्ट सौंपी और बोर्ड के अनुसार चैपल ने अपनी रिपोर्ट में किसी भी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया है.