शनिवार, 31 मार्च, 2007 को 06:13 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के राष्ट्रपति और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के संरक्षक जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ ने बोर्ड के अध्यक्ष नसीम अशरफ़ का इस्तीफ़ा नामंज़ूर कर दिया है.
राष्ट्रपति मुशर्रफ़ ने कहा है कि वे पद पर बने रहें और राष्ट्रीय टीम को फिर से तैयार करने की कोशिश करें.
विश्वकप क्रिकेट में पाकिस्तान की हुई करारी हार के बाद नसीम अशरफ़ ने इस्तीफ़ा दे दिया था.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की टीम पहले वेस्टइंडीज़ से और फिर नौसीखिया टीम आयरलैंड के हाथों हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई थी.
इसके बाद पाकिस्तान टीम के कोट बॉब वूल्मर की जमैका में कथित रुप से हत्या हो जाने के बाद हार का विवाद गहरा गया था.
जनरल मुशर्रफ़ ने बोर्ड के संरक्षक के रुप में 1999 से बोर्ड के अध्यक्ष के पद पर ख़ुद नियुक्तियाँ करते रहे हैं.
पिछले अक्तूबर में शहरयार ख़ान के सेवानिवृत्त हो जाने के बाद नसीम अशरफ़ ने ज़िम्मेदारी संभाली थी.
वैसे नसीम अशरफ़ का कार्यकाल शुरु से ही विवादों में रहा है. उनके पद पर बैठने के बाद ही शोएब अख़्तर और मोहम्मद आसिफ़ को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया था.
उम्मीद की जा रही है कि पाकिस्तानी टीम के लिए अगले हफ़्ते नए कप्तान और कोच की नियुक्ति कर दी जाए.
विश्वकप में हार के बाद ही कप्तान इंज़माम उल हक़ ने कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी थी.