http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 27 मार्च, 2007 को 08:37 GMT तक के समाचार

वूल्मर मामले की जाँच में वक़्त

पाकिस्तानी कोच बॉब वूल्मर की हत्या की जाँच कर रही जमैका पुलिस ने उन ख़बरों को ग़लत बताया जिनमें कहा गया है कि वूल्मर के हत्यारों को पहचान लिया गया है.

जमैका पुलिस के डिप्टी कमिश्नर मार्क शील्ड्स ने कहा है कि इस तरह की ख़बरें पूरी तरह से ग़लत है और इस क़यास से कोई मदद नहीं मिलने वाली है.

उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है कि पुलिस इस मामले में कुछ नामों की घोषणा जल्द ही कर सकती है क्योंकि जाँच में अभी और वक़्त लगेगा और यह प्रक्रिया लंबी चल सकती है.

मार्क शील्ड्स ने कहा कि मीडिया में इस तरह की ख़बरों के आने से वूल्मर परिवार को तकलीफ़ ही पहुँची है.

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच बॉब वूल्मर 17 मार्च को जमैका में अपने होटल के कमरे में अचेत पाए गए थे और अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई थी.

सबूतों की पैमाइश

पत्रकारों से बातचीत में मार्क शील्ड्स ने बताया कि इस हत्याकांड में कई लोग संदिग्ध हैं और कई लोग महत्वपूर्ण जानकारी दे सकते हैं. इन सभी सूत्रों से जानकारी जुटाने में वक़्त लगेगा.

उन्होंने कहा कि वूल्मर के कंप्यूटर की हार्ड-डिस्क की गहन जाँच की गई है और अभी तक मैच फ़िक्सिंग और ई-मेल जैसी कोई बात सामने नहीं आई है.

इस बीच पाकिस्तानी टीम लंदन पहुँच गई है जहाँ से वह स्वदेश लौट जाएगी.

मार्क शील्ड्स ने कहा कि उन्होंने खिलाड़ियों को पाकिस्तान लौटने दिया क्योंकि वे किसी कूटनीतिक खींचतान में नहीं पड़ना चाहते थे.

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों से पूछताछ कर ली गई है पर अगर और जाँच की ज़रूरत होती है तो पाकिस्तान सरकार और टीम की ओर से आश्वासन दिया गया है कि वे इस सिलसिले में सहयोग करेंगे.