http://www.bbcchindi.com

रविवार, 25 मार्च, 2007 को 17:39 GMT तक के समाचार

सट्टेबाज़ी के आरोप में तीन हिरासत में

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मौजूदा क्रिकेट विश्व कप मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाज़ी करने के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

तीनों लोगों को चेन्नई पुलिस ने शनिवार को एक इंटरनेट कैफे से गिरफ़्तार किया.

संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप राय राठौड़ की अगुआई में पुलिस की विशेष टीम को सट्टेबाज़ी की भनक मिली थी जिसके बाद ये कार्रवाई की गई.

पुलिस का कहना है कि हाल ही में नागपुर में एक व्यक्ति को सट्टेबाज़ी के सिलसिले में गिरफ़्तार किया गया था. इस व्यक्ति के फोन रिकॉर्ड से पता चला कि वह चेन्नई में कुछ लोगों के साथ लगातार संपर्क में था.

इसी आधार पर पुलिस ने ये कार्रवाई की. पुलिस का कहना है कि ये लोग इंटरनेट पर क्रेडिट कार्ड के ज़रिए सट्टेबाज़ी करते हैं.

हर मैच ख़त्म होने के बाद पैसों का लेन-देन इंटरनेट के ज़रिए होता था. भारत में सट्टेबाज़ी अवैध है लेकिन चोरी छिपे यह धंधा फल फूल रहा है.