शनिवार, 24 मार्च, 2007 को 02:02 GMT तक के समाचार
विश्व कप में ख़राब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम के कोच ग्रेग चैपल का कहना है कि वो बीसीसीआई के प्रति जवाबदेह हैं और विश्व कप के संबंध में उन्हें ही अपनी रिपोर्ट देंगे.
यह पूछे जाने पर कि क्या वो इसकी ज़िम्मेदारी लेते हैं, चैपल ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया और बार बार पूछे जाने पर नाराज़ हो गए.
उन्होंने कहा ' मैं आप लोगों ( पत्रकारों) की नौकरी नहीं करता. मुझे बीसीसीआई ने यह काम दिया है और मैं उन्हीं के प्रति जवाबदेह हूं. मैं उनको अपनी रिपोर्ट दूंगा. '
जब बीबीसी संवाददाता मानक गुप्ता ने उनसे पूछा कि क्या भारत के करोड़ों खेल प्रेमियों के प्रति उनकी कोई जवाबदेही नहीं है तो चैपल उखड़ गए और कहा ' आप चाहते हैं कि मैं किसी खिलाड़ी या कुछ खिलाड़ियों का नाम लूं. उन्हें ज़िम्मेदार ठहराऊं. बस इतना कहूंगा कि हम अच्छा नहीं खेले. बस. '
लेकिन भारतीय टीम का प्रदर्शन बार बार इतना ख़राब क्यों रहता है. चैपल कहते हैं कि भारत ने 1985 के बाद उपमहाद्वीप से बाहर कोई सीरिज़ नहीं जीती और इतिहास भी भारत के प्रदर्शन के बारे में बहुत कुछ कहता है.
चैपल का कहना था कि भारतीय टीम पर बहुत दबाव था और इसका प्रभाव खेल और खिलाड़ियों पर भी दिखा है.
उन्होंने कहा ' मुझे पता है कि सुबह भारतीय खेल प्रेमियों में बहुत गुस्सा होगा. वो नाराज़ होंगे. उन्हें ये खेल बहुत प्रिय है लेकिन मैं इतना ही कहूंगा कि इसे खेल ही समझा जाए. '
चैपल भारत के प्रदर्शन से बेहद निराश दिखे और अपनी निराशा भी उन्होंने जाहिर कर दी.