http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 22 मार्च, 2007 को 22:29 GMT तक के समाचार

न्यूज़ीलैंड और नीदरलैंड ने मैच जीते

विश्व कप में गुरुवार को खेले गए मैचों में न्यूज़ीलैंड ने कनाडा को और नीदरलैंड ने स्कॉटलैंड को हरा दिया है.

न्यूज़ीलैंड ने ग्रुप सी के अपने अंतिम मैच में कनाडा को 114 रनों से हरा दिया.

इसके पहले न्यूज़ीलैंड की टीम ने पांच विकेट के नुक़सान पर 363 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था.

न्यूज़ीलैंड की ओर से मैक्कुलम ने विश्व कप में सबसे तेज़ अर्ध शतक का रिकॉर्ड बनाया और उन्होंने 20 गेंदों में इसे पूरा किया.

दूसरी ओर प्रारंभिक खिलाड़ी विंसेट भी चमके और उन्होंने शतक बनाया. इसके पहले वो दो पारियों में बिना खाता खोले आउट हो गए थे.

इसके जवाब में कनाडा ने धमाकेदार शुरुआत की और कप्तान जॉन डेविसन ने 23 गेंदों में 50 रन बना डाले.

लेकिन इसके बाद कनाडा के खिलाड़ी जम नहीं पाए और पूरी टीम 249 रन बनाकर आउट हो गई.

न्यूज़ीलैंड पहले ही सुपर आठ में जा चुका है और कनाडा प्रतियोगिता से बाहर हो गया है.

इस ग्रुप में शनिवार को इंग्लैंड का मुक़ाबला कीनिया से होगा जिसमें दूसरी टीम का फ़ैसला होगा.

विश्व कप के दूसरे मैच में नीदरलैंड की टीम ने स्कॉटलैंड को आठ विकेट से हरा दिया है.

स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 136 रन बनाए और पूरी टीम 34.1 ओवर में आउट हो गई.

इसके जवाब में नीदरलैंड ने दो विकेट के नुक़सान पर केवल 23.5 ओवरों में 140 रन बना लिए.

प्रतियोगिता में दो हार के बाद नीदरलैंड की यह पहली जीत है.