http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 03 मार्च, 2007 को 10:19 GMT तक के समाचार

सानिया एक माह तक कोर्ट से बाहर रहेंगी

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा का इलाज़ कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें कम से कम एक माह तक आराम करना होगा लेकिन सर्जरी की ज़रूरत नहीं है.

दाएँ घुटने में दर्द की शिकायत के बाद सानिया को शनिवार को हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ केजे रेड्डी ने उनके घुटने की जाँच की.

पहले ये आशंका जताई जा रही थी कि सानिया के घुटने के 'लिगामेंट' की सर्जरी करनी होगी लेकिन डॉ रेड्डी ने इससे इनकार किया. उन्होंने कहा कि 'ऑर्थोस्कोपी' जाँच से ये पता चला है कि उनके लिगामेंट में सिर्फ़ खिंचाव आ गया है, जो फिजियोथेरेपी से ठीक हो जाएगी.

उन्होंने बीबीसी को बताया, "अभी ये बताना मुश्किल है कि वो कितने दिनों में फिट होंगी. चार हफ़्ते में ये पता चलेगा कि उनकी चोट कितनी ठीक हुई है."

घुटने में चोट के कारण सानिया को कतर ओपन से हटना पड़ा था. सानिया पहले से ही टखने की चोट से जूझती रही हैं.

पिछले साल उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरुप नहीं रहा और उनकी रैंकिंग में भी गिरी.

सानिया को ताज़ा चोट की वजह से अमरीका में आयोजित होने वाली पैसिफ़िक ओपन टेनिस प्रतियोगिता से भी हटना पड़ सकता है.