शनिवार, 17 फ़रवरी, 2007 को 00:07 GMT तक के समाचार
सानिया मिर्ज़ा बंगलौर में खेले जा रहे सोनी एरिक्सन इंटरनेशनल टूर्नामेंट से बाहर हो गईं हैं.
सानिया क्वार्टर फ़ाइनल में रूस की यारोस्लाव श्वेदोवा से कड़े मुक़ाबले में हार गईं.
उन्होंने सानिया को 6-7, 6-4, 6-4 से हरा दिया.
हालांकि यारोस्लाव श्वेदोवा पहले सेट में हार गईं थीं लेकिन उन्होंने अगले दो सेट जीतकर बाजी पलट दी. जबकि अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के मामले में रूसी खिलाड़ी सानिया से कहीं पीछे हैं.
सानिया से अब डबल्स मुक़ाबले में उम्मीद की जा रही है.
इसके पहले सानिया ने एक रोमांचक मुक़ाबले में बेलारूस की ततान्या पाउचेक को हराया था.
सानिया पाउचेक को 3-6, 7-5, 6-2 से हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँची थीं.
सानिया इस सीजन में होबर्ट और पटाया सिटी में हुए टूर्नामेंट में सेमीफ़ाइनल तक पहुँची थीं.
इन मैचों में से मिले अनुभव पर सानिया ने कहा, " मुझे अभी कुछ शीर्ष खिलाड़ियों से खेलने का मौक़ा मिला जिससे फायदा हुआ है. इससे विश्वास बढ़ता है और पिछले छह महीने से मैं फिटनेस पर भी ध्यान दे रही हूँ."