http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 फ़रवरी, 2007 को 08:47 GMT तक के समाचार

सेमी फ़ाइनल में हारीं सानिया मिर्ज़ा

अर्जेंटीना की पाँचवीं वरीयता प्राप्त जिसेला डुल्का ने भारत की सानिया मिर्ज़ा को सेमी फ़ाइनल में हराकर पट्टाया ओपन से बाहर कर दिया है.

जिसेला ने सानिया को 6-4, 7-5 से पराजित करके फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है. अब उनका मुकाबला ऑस्ट्रिया की साइबिल बैमर से होगा.

अपनी जीत पर डुल्का ने कहा, "मैं बहुत ज़्यादा ध्यान देकर और खेल में अपनी 100 प्रतिशत मौजूदगी बनाते हुए खेल रही थी क्योंकि सानिया बहुत मज़बूत शॉट लगाती हैं."

सानिया मिर्ज़ा ने तीसरी वरीयता प्राप्त इटली की मारा सैंटेन्जेलो को सीधे सेटों में हराकर थाईलैंड में हो रहे पट्टाया ओपन के सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली थी.

सानिया ने ख़राब शुरुआत और दो बार पिछड़ने के बावजूद सैंटेन्जेलो को क्वार्टर फ़ाइनल में 6-4, 7-6 से हराया था.

इससे पहले जिसेला डुल्का ने ऑस्ट्रेलिया की निकोल प्रैट को 6-2, 6-3 से हराकर सेमी फ़ाइनल में अपनी जगह बनाई थी.

इससे पहले सानिया ने एक लाख 70 हज़ार डॉलर इनामी राशि वाले इस डब्लूटीए टेनिस टूर्नामेंट में थाईलैंड की तामरिन तानासुगर्न को 6-4, 2-6, 6-1 से हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.