भारत की सानिया मिर्ज़ा ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अच्छी शुरुआत की है और वो अपने पहले मैच में यूक्रेन की ओल्गा सावचुक को हराकर दूसरे दौर में पहुँच गईं हैं.
उन्होंने यूक्रेन की खिलाड़ी को सीधे सेटों में 6-3,7-5 से हराया. ओल्गा सावचुक पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे राउंड तक पहुँची थीं.
सानिया मिर्ज़ा ने पहला सेट तो आसानी से जीता लेकिन दूसरे में उन्हें थोड़ा संघर्ष करना पड़ा.
दूसरी ओर सानिया की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है. सोमवार को जारी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में सानिया ने 13 पायदान की छलांग लगाई है और वो 53वें स्थान पर पहुँच गईं हैं.
इसके पहले सानिया मिर्ज़ा ऑस्ट्रलियाई होबार्ट इंटरनेशनल महिला टेनिस प्रतियोगिता के सेमी फ़ाइनल तक पहुँचीं थीं.
उन्हें सेमी फ़ाइनल में रूसी खिलाड़ी एना चकविताद्ज़ा ने 6-4, 6-1 से हरा दिया था.
इसके पहले दोहा एशियाई खेलों में सानिया मिर्ज़ा स्वर्ण पदक जीतने से चूक गईं थीं और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था.
टेनिस कोर्ट की भारत का नाम रोशन करने वाली इस खिलाड़ी ने सन् 2006 में हैदराबाद ओपन को छोड़ कोई बड़ी प्रतियोगिता तो नहीं जीती लेकिन टेनिस कोर्ट पर बड़े-बड़े खिलाड़ियों के दाँत खट्टे किए हैं.
सानिया पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर और अमरीकी ओपन के चौथे दौर तक पहुँची थीं.
कुछ दिनों पहले चीन के मीडिया ने सानिया मिर्ज़ा को दुनिया की सर्वकालीन 10 टेनिस सुंदरियों में शामिल करने की घोषणा की थी.
सानिया को पूर्व खिलाड़ी अर्जेंटीना की गैब्रीएला सबातीनी और रूसी बाला मारिया शारापोवा के साथ टॉप 10 सुंदरियों की सूची में जगह मिली थी.