शनिवार, 13 जनवरी, 2007 को 12:58 GMT तक के समाचार
आस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली को अभी तक आपने घातक गेंदों से बल्लेलाज़ों को नचाते ही देखा होगा लेकिन उनका एक रूप और भी है.
पिछले वर्ष नवंबर में बॉलीवुड की मशहूर गायिका आशा भोंसले के साथ उन्होंने हिंदी में गाना गाया और इस गीत पर अब करोड़ों भारतीय झूम रहे हैं.
इस गाने में आशा गाती हैं, "क्या तुम मेरे हो, मेरे ही रहोगे.'' इसके जवाब में ब्रेट ली गाते हैं, ''हाँ, मैं तुम्हारा हूँ, तुम्हार ही रहूँगा.''
आशा भोंसले का यह एलबम आशा एंड फ़्रेंड्स के नाम से बाज़ार में आया है. इस एलबम में ब्रेट ली के अलावा संजय दत्त और उर्मिला मतोंडरकर ने भी गाना गया है.
लोकप्रियता
एक अहिंदी भाषी मशहूर शख़्सियत का एलबम के कुछ हिस्सों में हिंदी में गाना गाना लोगों को ख़ूब भाया और यह गीत भारत के कई शहरों में चलने वाले एफ़एम स्टेशन रेडियो स्टेशनों के चार्ट में तीसरे स्थान पर पहुँच गया.
यही नहीं इस गाने का वीडियो एलबम भी यू ट्यूब पर धूम मचा रहा है. इसमें ब्रेट ली गिटार बजाकर नाचते हुए नज़र आते हैं.
ब्रेट ली ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान समय निकालकर इस गाने के बोल लिखे, स्टूडियो में इसकी रिकॉर्डिंग करवाई और यहाँ तक कि इस गाने के म्यूज़िक वीडियो में कमर थिरकाते भी नज़र आए.
ऑस्ट्रेलिया में अपना म्यूज़िक बैंड रखने वाले ब्रेट ली को बॉलीवुड की फ़िल्मों में काम करने का भी प्रस्ताव मिल चुका है, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया.
इस गाने की शूटिंग के दौरान ब्रेट ली ने कहा था, '' आशा भोंसले के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा.''
इस गीत को कंपोज करने वाले समीर टंडन का कहना है, "मैदान पर भले ही ब्रेट ली एक तेज़ गेंदबाज़ हों पर संगीतकार के रूप में बेहद विनम्र है."