http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 10 जनवरी, 2007 को 14:59 GMT तक के समाचार

सानिया पहुँचीं सेमीफाइनल में

अपनी जीत का सिलसिला बरकारार रखते हुए सानिया मिर्जा विश्व रैंकिंग में भूतपूर्व नंबर आठ खिलाड़ी एलिसिया मोलिक को हराकर मूरिल्ला इंटरनेशनल ओपन के सेमीफाइनल में पहुँच गयी हैं.

होबार्ट इंटरनेशनल के इस प्रतिस्पर्धा की ईनामी राशि एक लाख सत्तर हजार डॉलर है.

होबार्ट के डोमेन टेनिस सेंटर में खेले गये क्वार्टरफाइनल में सानिया ने मोलिक को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से हराया.

ऑस्ट्रेलिया की मोलिक युगल स्पर्धा में सानिया की जोड़ीदार भी रही हैं.

इससे पहले युगल स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल्स में सानिया और मोलिक की जोड़ी को दूसरी वरीयता प्राप्त इटली की मारिया एलेना और रूस की जिसेला डुल्को के हाथों हार का मुँह देखना पड़ा था.

सेमिफाइनल में सानिया का मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त रूस की आना चक्वेताज और सातवीं वरीयता प्राप्त चीन की जिए झेंग के बीच मुकाबले की विजेता से होगा.

ऑस्ट्रेलियन डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट में सानिया का यह पहला सेमीफाइनल होगा.