http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 जनवरी, 2007 को 17:25 GMT तक के समाचार

शोएब की पाकिस्तानी टीम में वापसी

पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर को दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टीम में शामिल कर लिया गया है. उन्हें पहले टीम में जगह नहीं दी गई थी.

हालांकि डोपिंग विवाद में उनके साथ फंसे मोहम्मद आसिफ़ को दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में पहले ही जगह दे दी गई थी.

उस समय कहा गया था कि शोएब अभी पूरी तरह फ़िट नहीं है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक प्रवक्ता का कहना था,'' शोएब अख़्तर पहली उड़ान से दक्षिण अफ़्रीका रवाना हो जाएँगे.''

शोएब उमर गुल का स्थान लेंगे जो एक अभ्यास के दौरान चोट खा गए थे.

पाकिस्तान और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ 11 जनवरी से शुरू हो रही है और पहला टेस्ट सेंचुरियन में खेला जाएगा.

पाकिस्तान की टीम में मोहम्मद यूसुफ़ और आल राउंडर शोएब मलिक शामिल नहीं हैं.

ग़ौरतलब है कि प्रतिबंधित दवा नैनड्रोलोन लेने का दोषी पाए जाने के बाद मोहम्मद आसिफ़ पर एक साल और शोएब पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था.

लेकिन दोनों ने फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील की और जीत गए जिसके बाद दोनों के खेलने पर लगी रोक हटा दी गई थी.

पाकिस्तान को दक्षिण अफ़्रीका में पाँच एक दिवसीय मैच भी खेलने हैं.