http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 02 जनवरी, 2007 को 09:18 GMT तक के समाचार

जाफ़र-कार्तिक ने की पारी की शुरुआत

भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच केपटाउन में तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच शुरु हो गया है.

भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. भारत की ओर से वसीम जाफ़र और दिनेश कार्तिक मैदान में उतरे हैं.

महेंद्र सिंह धोनी के घायल होने के चलते दिनेश कार्तिक को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वहीं वीआरवी सिंह की जगह मुनाफ़ पटेल को लिया गया है.

अब तक अभी दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है. ये मैच जीतकर भारत सिरीज़ अपने नाम करने की कोशिश करेगा.

पहली बार दक्षिण अफ़्रीका में टेस्ट सिरीज़ जीतने की राह में भारत की सबसे बड़ी बाधा उसकी ख़राब बल्लेबाज़ी है. ख़ास तौर से पिछले दोनों मैचों में सलामी बल्लेबाज़ विकेट पर टिकने में नाकाम रहे.

इस हिसाब से केपटाउन में भारत के ऊपरी क्रम के बल्लेबाज़ों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा.

डरबन में हुए दूसरे टेस्ट मैच में मौसम की मेहरबानी से खेल बाधित होने के बावजूद पाँचवें दिन भारतीय बल्लेबाज़ क्रीज़ पर नहीं टिक सके थे और भारत मैच गँवा बैठा. इसके साथ ही पहले मैच में जीत से मिली बढ़त भी जाती रही.

ख़ुद कप्तान राहुल द्रविड़ बुरे दौर से गुजर रहे हैं और कभी मैच जिताऊ पारियाँ खेलने वाले विस्फोटक बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग के सितारे भी गर्दिश में हैं.

विकेटकीपर बल्लेबाज़ महेंद्र सिंह धोनी उंगलियों में चोट से परेशान हैं लेकिन टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वो मैच से पहले फिट हो जाएंगे.