शुक्रवार, 29 दिसंबर, 2006 को 18:12 GMT तक के समाचार
अमरीकी पुलिस ने कहा है कि पूर्व बॉक्सिंग चैम्पियन माइक टायसन को नशा करके गाड़ी चलाने और कोकीन रखने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.
चालीस साल के पूर्व हैवीवेट बॉक्सर को एरीज़ोना प्रांत में फ़ीनिक्स के नज़दीक स्कॉट्सडेल में गिरफ़्तार किया गया.
एरीज़ोना पुलिस ने समाचार एजेंसियों को बताया कि एक स्थानीय अधिकारी की गाड़ी को लगभग टक्कर मारने के बाद टायसन को रोका गया.
टायसन को फ़ीनिक्स की जेल में रखा गया है. बाद में उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा.
स्थानीय पुलिस अधिकारी सार्जेंट लैरी हॉल ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया, "टायसन पर नशा करके गाड़ी चलाने और कोकीन रखने का मामला दर्ज किया गया है."
सार्जेंट लैरी हॉल ने यह भी बताया कि टायसन ने पुलिस के साथ पूरा सहयोग किया और उन्होंने एक शिष्टाचारी व्यक्ति की तरह व्यवहार किया.
माइक टायसन वर्ष 1986 में हैवीवेट इतिहास में सबसे कम उम्र के चैम्पियन बने, तब उनकी उम्र मात्र 20 वर्ष थी.
वर्ष 1992 में उन्हें बलात्कार का दोषी पाया गया था और उन्हें छह साल की सज़ा मिली लेकिन तीन साल ही उन्होंने जेल में बिताए.