बुधवार, 27 दिसंबर, 2006 को 17:50 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआईके पूर्व प्रमुख जगमोहन डालमिया ने बंगाल क्रिकेट संघ यानी कैब के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
ग़ौरतलब है कि बीसीसीआई ने इसी महीने उन्हें 1996 में हुए विश्व कप के दौरान धनराशि में गड़बड़ी करने के आरोप में निष्काषित कर दिया था.
फ़ैसले के तहत वो बीसीसीआई से किसी भी तरह से संबंधित नहीं रह सकेंगे. हालाँकि तीन साल बाद उन्हें अपील करने का अधिकार होगा. इस दौरान वो चुनाव भी नहीं लड़ पाएंगे.
उनके इस्तीफ़े के मद्देनज़र बंगाल क्रिकेट संघ आपात बैठक बुला रहा है.
पहले से ही इस तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि डालमिया बंगाल क्रिकेट संघ से भी नाता तोड़ लेंगे.
उन्हें कुछ वरिष्ठ क्रिकेटरों ने सलाह दी थी कि बंगाल एसोसिएशन का इस्तेमाल बीसीसीआई के ख़िलाफ़ करना उचित नहीं होगा.
इस सलाह पर तो डालमिया ने चुप्पी साध ली थी लेकिन उनके सहयोगियों ने अभी भी हार नहीं मानी है. उनके एक सहयोगी ने बताया, हम कोशिश करेंगे कि हमारे खेमे का कोई आदमी एसोसिएशन का अध्यक्ष बने.
ग़ौरतलब है कि जगमोहन डालमिया पहले एशियाई थे जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी के अध्यक्ष पद पर पहुँचे थे.
आरोप
बीसीसीआई ने जगमोहन डालमिया पर 1996 के विश्व कप मैचों के आयोजन के समय बोर्ड के कोष में करोड़ों रुपयों की धांधली का आरोप लगाया था.
साथ ही उन पर भारतीय उप महाद्वीप में हुए विश्व कप के आयोजन के लिए बनी भारत-पाकिस्तान-श्रीलंका की समिति के खातों में भी धांधली के आरोप लगे थे.
इस संबंध में बीसीसीआई ने पहले जो नोट तैयार किया था, उसके अनुसार लेखाकारों ने बताया है कि कई बार बिना उचित दस्तावेज़ पेश किए खाते से रुपए निकाले गए.
जगमोहन डामलिया ऐसे सभी आरोपों का खंडन करते रहे हैं और कहते हैं कि बोर्ड के कुछ सदस्य उन्हें बदनाम करने की साज़िश कर रहे हैं.