शुक्रवार, 08 दिसंबर, 2006 को 21:15 GMT तक के समाचार
गुरुवार को एक स्वर्ण पदक जीतने के बाद पिस्टल शूटर जसपाल राणा ने शुक्रवार को रिकॉर्ड अंक अर्जित करते हुए एक और स्वर्ण पदक जीत लिया है.
राणा ने दोहा में चल रहे एशियाई खेलों में पुरुषों के 25 मीटर शूटिंग प्रतियोगिता में यह स्वर्ण जीता है.
उन्होंने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 590 अंक बनाए, जिससे भारत को एक टीम मैडल जीतने का भी अवसर मिला.
उल्लेखनीय है कि बीमार होने के बावजूद जसपाल राणा ने गुरुवार को 12 साल बाद इतिहास को दोहराया था और स्वर्ण पदक जीतने में सफलता पाई थी.
शुक्रवार को जसपाल राणा के साथ विजय कुमार और समरेश जंग की टीम ने कुल 1748 अंक अर्जित किए.
राणा के दो स्वर्ण पदकों के अलावा भारत ने शूटिंग में तीन रजत और छह कांस्य पदक जीते हैं.
उल्लेखनीय है कि 1994 में हिरोशिमा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ शुरुवात करने वाले राणा के प्रदर्शन पर कई तरह की टिप्पणियाँ की जाने लगीं थीं लेकिन विश्लेषक कहते हैं कि राणा ने दोहा में अपने प्रदर्शन से अपने ओलोचकों को चुप करवा दिया है.