http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 07 दिसंबर, 2006 को 00:39 GMT तक के समाचार

भारत ने कबड़्डी का स्वर्ण पदक जीता

भारत ने एशियाई खेलों में लगातार पाँचवीं बार कबड्डी का खिताब जीतकर दोहा एशियाई खेलों में तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया है.

भारत ने फ़ाइनल में पाकिस्तान को 35-23 से हराकर स्वर्ण पदक जीता.

कबड्डी को वर्ष 1990 में बीजिंग में पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया था.

कबड्डी में चैम्पियन माने जाने वाली भारत की टीम हाफ़ टाइम तक 21-14 से आगे थी और उसके बाद उसने पाकिस्तान को मैच में बिल्कुल भी हावी होने ही नहीं दिया.

भारतीय खिलाड़ियों में से राकेश कुमार, कप्तान दिनेश कुमार और पंकज ने कई बार पाकिस्तान के खेमे में छापा मारा.

मैच के बाद कप्तान दिनेश कुमार का कहना था, " मुझे पहली बार कप्तानी सौंपी गई थी और मैं चाहता था कि टीम मेरी कप्तानी में स्वर्ण जीते."

इसके अलावा भारत के निशानेबाज़ विजय कुमार और रोइंग में किरण यालामाँची और वीरेंद्र सिंह ने भी भारत के लिए कांस्य पदक जीते.

महिलाओं की हॉकी में भारत में मलेशिया को 4-2 से हराया. बैडमिंटन में भी साइना प्री-क्वाटर फ़ाइनल में पहुँच गईं हैं.

टेनिस में भी सानिया मिर्ज़ा और शिखा ओबेराय की जोड़ी महिलाओं के फ़ाइनल में पहुँच गई है.

उन्होंने सेमी फ़ाइनल में उजबेकिस्तान की टीम को हराया.