http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 04 दिसंबर, 2006 को 12:05 GMT तक के समाचार

ज़्यादा अपील के कारण ली पर जुर्माना

ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली को इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे ऐशेज़ टेस्ट के दौरान ज़्यादा अपील करने के कारण मैच फ़ीस का 25 फ़ीसदी जुर्माना लगाया गया है.

इंग्लैंड की पहली पारी में ब्रेट ली केविन पीटरसन को गेंद डाल रहे थे. लेकिन इससे पहले कि अंपायर उनकी अपील पर कोई फ़ैसला लेते, वे जश्न मनाने लगे. लेकिन अंपायर स्टीव बकनर ने उनकी अपील ठुकरा दी.

बाद में टीवी रीप्ले से भी पता चला कि अंपायर का फ़ैसला सही था और ब्रेट ली की गेंद पीटरसन के बल्ले को बिना छूए ही विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के दस्ताने में गई थी.

आईसीसी के मैच रेफ़री जेफ़ क्रो ने ब्रेट ली पर मैच फ़ीस का 25 फ़ीसदी जुर्माना लगाने की घोषणा की.

जेफ़ क्रो ने कहा, "ब्रेट ली इस फ़ैसले को लेकर असमंजस में थे और उनके हिसाब से उन्हें लगा कि अंपायर ने पीटरसन को आउट दे दिया है."

जेफ़ क्रो ने कहा कि ब्रेट ली ने अंपायर के फ़ैसले का इंतज़ार नहीं किया और विकेट लेने का जश्न मनाने लगे.

इस टेस्ट मैच की पहली पारी में केविन पीटरसन ने शानदार बल्लेबाज़ी की और वे 158 रन बनाकर रन आउट हुए थे.