मंगलवार, 07 नवंबर, 2006 को 20:24 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अपने समय के बेहतरीन बल्लेबाज़ पॉली उमरीगर का मुंबई में निधन हो गया है. वे 80 वर्ष के थे और कैंसर से पीड़ित थे.
वे वर्ष 1948 से 1962 तक टेस्ट क्रिकेट में सक्रिय थे. उन्होंने 59 मैचों के अपने टेस्ट जीवन में 3631 रन बनाए.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उनके 223 रन किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ का पहला दोहरा शतक था.
उन्होंने आठ टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया जिसमें से भारत ने दो मैच जीते जबकि चार ड्रॉ किए.
उनका भारत के लिए 59 टेस्ट मैचों में खेलना और 3631 रन बनाना एक रिकॉर्ड था जो 16 साल तक उनके नाम रहा. सोलह वर्ष के बाद सुनील गावस्कर ने उनके ये रिकॉर्ड तोड़े.
उनके निधन पर भारतीय चयन समिति के चेयरमैन दिलीप वेंगसरकर का कहना था, " ये क्रिकेट के लिए बहुत ही दुखद नुक़सान है. वे महान क्रिकेटर थे और मैने उनसे बहुत कुछ सीखा.''
टेस्ट क्रिकेट रिटायर होने के बाद उमरीगर चयन समिति के अध्यक्ष रहे, भारतीय टीम के मैनेजर भी रहे और बीसीसीआई के सचिव भी रहे.
उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्र और एक बेटी हैं.