http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 07 नवंबर, 2006 को 02:47 GMT तक के समाचार

गांगुली ने वापसी की उम्मीद जताई

भारतीय टीम में वापसी की कोशिश में जुटे सौरभ गांगुली ने दलीप ट्रॉफ़ी में पूर्वी क्षेत्र की ओर से खेलते हुए शानदार शतक बनाया.

गुवाहाटी में खेले इस मैच में जब गांगुली मैदार पर उतरे तो पूर्वी क्षेत्र का स्कोर था दो विकेट पर 22 रन.

लेकिन इसके बाद गांगुली जम कर खेले और उन्होंने उत्तर क्षेत्र के गेंदबाज़ों की जमकर धुलाई की. उन्होंने अपना शतक 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से पूरा किया.

इसे गांगुली की भारतीय टीम में वापसी की एक और कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

सौरभ गांगुली ने खेल के बाद पत्रकारों से कहा कि वो अगले साल विश्व कप खेलनेवाली भारतीय टीम में स्थान पाना चाहते हैं

उन्होंने कहा,'' मैं अगले विश्व कप में खेलने की उम्मीद कर रहा हूँ. मेरा काम खेलना और रन बनाना है. यह चयनकर्ताओं का काम है कि वे टीम के बारे में फ़ैसला करें.''

गांगुली पिछले कुछ समय से भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं. वो पाकिस्तान दौरे के बाद से टीम से बाहर हैं.

सौरभ गांगुली के शतक पर मोहिंदर अमरनाथ ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि अगर गांगुली का ऐसा ही प्रदर्शन जारी रहा तो उनकी टीम में वापसी हो सकती है.

भारतीय टीम के पूर्व कोच और चयनकर्ता रहे अंशुमन गायकवाड़ भी इससे सहमत हैं.

उनका कहना था, '' यदि सौरभ गांगुली का ऐसा प्रदर्शन जारी रहा तो चयनकर्ता चाहकर भी इसे अनदेखा नहीं कर पाएँगे.''