http://www.bbcchindi.com

रविवार, 29 अक्तूबर, 2006 को 23:31 GMT तक के समाचार

'प्रतियोगिता से बाहर होना एक धक्का है'

ऑस्ट्रेलिया से हारने और सेमी फ़ाइनल व चैम्पियंस ट्रॉफ़ी से भारतीय टीम के बाहर होने को कप्तान राहुल द्रविड़ एक बड़ा धक्का मानते हैं.

द्रविड़ का कहना था,'' ऑस्ट्रेलिया पर पहले 15 ओवरों में अंकुश न लगा पाना टीम को भारी पड़ा. साथ ही हम 20 से 30 रन कम बना पाए.''

भारतीय कप्तान का कहना था कि ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत में तेज़ी से रन बटोरे. शुरुआत में वे छह के औसत से रन बना रहे थे. इससे हम रक्षात्मक मुद्रा में आ गए.

उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा,'' यदि आप सेमी फ़ाइनल में नहीं पहुँच पाए हैं तो यह एक असफलता है.''

राहुल द्रविड़ का कहना था कि यदि हमें शुरुआत में विकट मिल जाते तो स्पिनर दबाव बना सकते थे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.

द्रविड़ का कहना था कि हम प्रतियोगिता के सेमी फ़ाइनल और फ़ाइनल में खेलना चाहते थे, ख़ासकर इसलिए कि प्रतियोगिता भारत में हो रही है.

उनका कहना था, '' इसे आप एक धक्का कह सकते हैं. लेकिन यह समीक्षा करने का भी अवसर है ताकि आप परिस्थितियाँ बदल सकें.''

ग़ौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को भारत को छह विकेट से हराकर आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफ़ी के सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली है.

इस हार के साथ ही मेजबान भारत चैम्पियंस ट्रॉफ़ी से बाहर हो गया है.