शनिवार, 28 अक्तूबर, 2006 को 12:54 GMT तक के समाचार
डोपिंग मामले में फँसे पाकिस्तान के दो तेज़ गेंदबाज़ों शोएब अख़्तर और मोहम्मद आसिफ़ के बारे में फ़ैसला कुछ दिनों के लिए टल गया है.
इस मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने जिस ट्राइब्यूनल का गठन किया था, उसे शनिवार को अपना फ़ैसला देना था.
लेकिन अब ट्राइब्यूनल ने अपनी जाँच बुधवार तक के लिए बढ़ा दी है. ट्राइब्यूनल अब कोच बॉब वूल्मर, ट्रेनर मरे स्टीवेंसन फ़िजियो डेरेन लाइफ़सन से भी बयान लेना चाहता है.
इसका मतलब ये हुआ कि दोनों खिलाड़ियों को फ़ैसले के लिए कुछ दिन और इंतज़ार करना पड़ेगा. डोपिंग टेस्ट में पॉज़िटिव पाए जाने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों को टीम से निलंबित कर दिया गया है.
असर
टीम के साथ आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफ़ी में शामिल होने गए दोनों खिलाड़ियों को बिना कोई मैच खेले ही पाकिस्तान लौटना पड़ा.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले की जाँच के लिए एक ट्राइब्यूनल का गठन किया है. जिसके सामने ये दोनों खिलाड़ी कई बार पेश हो चुके हैं.
अगर ये दोनों खिलाड़ी जाँच में दोषी पाए गए तो उन पर दो साल तक की पाबंदी लगाई जा सकती है. आईसीसी के डोपिंग नियमों के मुताबिक़ ये सज़ा न्यूनतम है.
इसका मतलब ये हुआ कि अगर इन पर पाबंदी लगती है तो पाकिस्तान को अगले साल वेस्टइंडीज़ में होने वाले विश्व कप में इन दोनों के बिना ही उतरना पड़ेगा.
हालाँकि पीसीबी का कहना है कि चूँकि डोपिंग टेस्ट उसने ख़ुद कराए थे, इसलिए बोर्ड इस मामले में ख़ुद ही फ़ैसला करेगा.