रविवार, 15 अक्तूबर, 2006 को 11:18 GMT तक के समाचार
दिल्ली हच हाफ़ मैराथन की दोनों ही श्रेणियों में कीनिया के एथलीट छाए रहे.
पुरुष वर्ग में केन्या के फ़्रांसिस किबीवोट ने एक घंटा एक मिनट और 35 सेकेंड में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी करते हुए ख़िताब जीता.
जिम्बाब्वे के कचबर्ट न्यासंगो दूसरे और कीनिया के ही जॉन कोरिर तीसरे स्थान पर रहे.
भारत के राम सिंह एक घंटा तीन मिनट और 56 सेकेंड में दौड़ पूरी कर सके.
महिला श्रेणी में कीनिया की लिनेथ चेपकिरुई एक घंटा 10 मिनट और 40 सेकेंड का समय निकालते हुए पहले स्थान पर रहीं.
इथोपिया की एरकेसो टेरिबा दूसरे और कीनिया की ही डायर ट्यून तीसरे स्थान पर रहीं.
डेढ़ लाख डॉलर इनाम वाली इस प्रतियोगिता में 27 हज़ार से भी अधिक एथलीटों ने भाग लिया.
तपती धूप के बावजूद मैराथन में हज़ारों बच्चों, महिलाओं, खेल और फ़िल्म जगत से जुड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया.
मुख्य दौड़ के अतिरिक्त आम लोगों और शारीरिक रुप से अक्षम लोगों के लिए अलग से प्रतियोगिता आयोजित की गई.
उधर रविवार को ही बीजिंग मैराथन में भी कीनिया का दबदबा रहा.
पुरुष वर्ग में कीनिया के जेम्स क्वांबी और महिला श्रेणी में चीन की सन विवि विजयी रहे.