http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 12 अक्तूबर, 2006 को 10:01 GMT तक के समाचार

'फ़िलहाल हर्शल गिब्स गिरफ़्तार नहीं होंगे'

दिल्ली पुलिस का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हर्शल गिब्स ने माना है कि वह मैच फिक्सिंग की साज़िश में शामिल थे.

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में हुई पूछताछ में गिब्स ने माना कि सट्टेबाज़ ने दो बार 1996 और 2000 में दक्षिण अफ्रीकी टीम के भारतीय दौरे में ख़राब प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों को मोटी रकम देने की पेशकश की थी.

हालाँकि 1996 में पूरी टीम के लिए की गई धन की इस पेशकश को खिलाड़ियों ने ठुकरा दिया था.

संयु्क्त पुलिस आयुक्त रंजीत नारायण ने खचाखच भरे संवाददाता सम्मेलन में कहा कि फिलहाल गिब्स को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि उनकी गिरफ्तारी के लिए अभी और सबूत चाहिए.

नारायण ने कहा कि पूछताछ में गिब्स ने किसी भारतीय क्रिकेटर का नाम नहीं लिया.

उन्होंने कहा कि पुलिस भविष्य में तीन और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटरों से पूछताछ कर सकती है, हालांकि उन्होंने इन नाम बताने से इनकार कर दिया.

छह साल बाद भारत दौरे पर आए गिब्स भारत में दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त और अपने वकील के साथ दिल्ली पुलिस के मुख्यालय पहुँचे थे.