सोमवार, 02 अक्तूबर, 2006 को 10:23 GMT तक के समाचार
भारत की टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा डब्लूटीए रैंकिंग में 55वें पायदान पर पहुँच गई हैं.
सोमवार को डब्लूयटीए ने नई रैंकिंग जारी की है जिसमें सानिया ने चार पायदान की छलांग लगाई.
इससे पहले सानिया 59वें नंबर पर थीं.
हाल ही में हुए कोरिया ओपन में सानिया ने विश्व की आठवें नंबर की खिलाड़ी मार्टिना हिंगिस को हराया था.
इसी के चलते उन्हें चार पायदान की बढ़त मिली है.
सोल में हुए इस मैच में सानिया ने हिंगिस को 4-6, 6-0, 6-4 से हराया था. अब सानिया के 428 अंक हो गए हैं.
डबल्स में सानिया 26वें नंबर पर हैं. सानिया मिर्ज़ा और दक्षिण अफ़्रीका की लिज़ेल ह्यूबर की जोड़ी ने कोलकाता में हुई सनफ़ीस्ट ओपन टेनिस प्रतियोगिता में डबल्स का ख़िताब जीता था.
इस साल सानिया का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है और उनकी रैंकिंग लगातार गिरती जा रही थी.
पिछले वर्ष वे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग-31वें पायदान पर पहुँच गई थीं.
लेकिन उसके बाद से सानिया की रैंकिंग में लगातार गिरावट आई है.
डब्लूटीए रैंकिंग में अन्य भारतीय महिला खिलाड़ियों में शिखा ओबरॉय 219वें और अंकिता भांबरी 363वें स्थान पर है.