http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 29 सितंबर, 2006 को 12:48 GMT तक के समाचार

सानिया कोरियन ओपन से बाहर हुईं

दुनिया की नौवीं रैंकिंग की खिलाड़ी मार्टिना हिंगिस को हराकर कोरियन ओपन में सनसनी फैलाने वाली भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा सेमी फ़ाइनल में नहीं पहुँच सकीं और प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं.

एक लाख 45 हज़ार डॉलर की इनामी प्रतियोगिता के क्वार्टर फ़ाइनल में शुक्रवार को 19 वर्षीय सानिया को स्पेन की वर्जीनिया रुआनो पास्कॉल ने 7-6, 4-6, 7-6 से हराया.

तीन डब्ल्यूटीए सिंगल्स और 22 डबल्स ख़िताब जीत चुकीं रुआनो पास्कल पूरे मैच के दौरान पूरे लय में रहीं और सानिया की ग़लतियों को भुनाते हुए कठिन मुकाबले को जीत लिया.

मैच समाप्त होने के बाद 59वीं रैंकिंग प्राप्त सानिया ने कहा कि उन्होंने अपनी तरफ से सारे प्रयास किए लेकिन तीन घंटे चले मुक़ाबले में दुनिया की 72वीं नंबर की खिलाड़ी रुआनो पास्कल उन पर भारी पड़ीं.

वे कहती हैं, ‘‘ निर्णायक सेट टाइब्रेक से हारना काफ़ी बुरा रहा.’’

अब सेमी फ़ाइनल में रुआनो पास्कल का मुकाबला जापान की सुगियामा या अर्जेंटीना के पाउला सुरेज़ से होगा.

इससे पहले सानिया ने सनफीस्ट ओपन के सेमी फ़ाइनल में हिंगिस से मिली हार का बदला चुका लिया था.

दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई भिड़ंत में शुरु में हिंगिस सानिया के ख़िलाफ़ बीस नज़र आईं लेकिन इसके बाद सानिया ने ज़बरदस्त वापसी की और स्विस खिलाड़ी को 4-6, 6-0, 6-4 से हरा कर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था.

पहले राउंड में सानिया ने कोरिया की ली येरा को 3-6, 6-0, 6-0 से हराया था.