http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 26 सितंबर, 2006 को 12:41 GMT तक के समाचार

इंज़माम की सुनवाई बुधवार से

ओवल टेस्ट मामले से जुड़े विवाद को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान इंज़माम उल हक के ख़िलाफ़ बुधवार से सुनवाई शुरु हो रही है.

सुनवाई में इंज़माम को दो आरोपों का जवाब देना होगा. पहला आरोप है- गेंद से छेड़छाड़ का और दूसरा क्रिकेट को बदनाम करने का.

आईसीसी के मुख्य रेफ़री रंजन मुदगले इस सुनवाई की अध्यक्षता करेंगे जो दो दिन तक चलेगी.

लेकिन माना जा रहा है कि वे शुक्रवार तक कोई रिपोर्ट नहीं देंगे.

रंजन मुदगले कई प्रत्यक्षदर्शियों की बात सुनेंगे और कई लोग लिखित बयान देंगे. इन में से कई ओवल टेस्ट मैच से सीधे तौर से जुड़े हुए थे.

अगस्त में इंग्लैंड में हुए ओवल टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम पर गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था.इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने मैच खेलने से इनकार कर दिया था और इंग्लैंड को विजयी घोषित कर दिया गया था.

सुनवाई

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पुष्टि की है कि इंग्लैंड- पाकिस्तान के बीच ओवल टेस्ट मैच के दौरान मौजूद चारों अंपायर सुनवाई में मौजूद रहेंगे.

इसमें डेरल हेयर, बिली डॉक्ट्रोव, पीटर हार्टली और ट्रेवर जेस्टी शामिल हैं.

सुनवाई के दौरान ओवल टेस्ट मैच में रेफ़री रहे माइक प्रॉक्टर और आईसीसी अंपायर और रेफ़रियों के मैनेजर डग कोई भी शामिल होंगे.

बाद में अंपायर डेरेल हेयर ने डग कोई को ई-मेल भी भेजी थी जिसमें उन्होंने पाँच लाख पाउंड के बदले अपना पद छोड़ने की पेशकश की थी.

पाकिस्तान की ओर से सुनवाई में कोच बॉब वूल्मर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान और ख़ुद इंज़माम उल हक मौजूद होंगे.

पाकिस्तान की क़ानूनी टीम की अगुआई मार्क ग्रे करेंगे.

अगर इंज़माम उल हक़ को गेंद से छेड़छाड़ के आरोप में दोषी पाया जाता है तो उन्हें अपनी मैच फ़ीस का 50 या 100 फ़ीसदी हिस्सा देना पड़ सकता है.

लेकिन गेंद से छेड़छाड़ के आरोप से ज़्यादा खेल को बदनाम करने के आरोप को आईसीसी ज़्यादा गंभीरता से ले रही है.

इस आरोप में दोषी पाए जाने पर इंज़माम पर दो से चार टेस्ट मैचों के बीच या फिर चार से आठ वनडे मैचों में खेलने का प्रतिबंध लग सकता है.