http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 09 सितंबर, 2006 को 03:56 GMT तक के समाचार

पेस-डैम जोड़ी यूएस ओपन के फ़ाइनल में

भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के मार्टिन डैम की जोड़ी यूएस ओपन के डबल्स मुक़ाबले के फ़ाइनल में पहुँच गई है.

सेमीफ़ाइनल में पेस और डैम ने शानदार खेल दिखाया और पहला सेट हारने के बाद खेल में ज़ोरदार वापसी की.

वे पहला सेट ऑस्ट्रेलिया के पॉल हेनले और ज़िंब्बावे के केविन उल्वेट से 6-7 से हार गए. लेकिन इसके बाद अगले दो सेट उन्होंने 7-6 और 7-5 से जीते.

अब फ़ाइनल में उनका मुक़ाबला स्वीडन के योनस ब्योर्कमैन और बेलारूस के मैक्स मिरनी की जोड़ी से होगा.

इसके पहले पेस और डैम की जोड़ी ने चेक गणराज्य के ही लियोस फ्रिडल और रूस के मिखाइल यूज़नी की जोड़ी को सेमीफ़ाइनल में 6-4, 4-6, 6-1 से हराया था.

पहले सेट में अच्छा तालमेल दिखाते हुए पेस और डैम की जोड़ी ने 6-4 से जीत दर्ज की थी.

जबकि फ्रिडल और यूज़नी ने दूसरे सेट में जबर्दस्त वापसी की थी. लेकिन पेस और डैम ने तीसरा सेट आसानी से जीतकर सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली थी.

यूएस ओपन में छठी वरीयता प्राप्त पेस और डैम ने काफ़ी अच्छा तालमेल दिखाया है.

इसके पहले इस जोड़ी ने एलेक्ज़ेंडर पेया और जर्मनी के ब्योर्न पाव को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 से हराया था.