शनिवार, 02 सितंबर, 2006 को 18:13 GMT तक के समाचार
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही एकदिवसीय मैंचों की श्रृंखला का दूसरा मैच पाकिस्तान ने सात विकेटों से जीत लिया है.
शनिवार को खेले गए इस 40-40 ओवरों के मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने 167 रनों का लक्ष्य रखा था.
इंग्लैंड ने यह स्कोर 39 ओवर और एक गेंद के खेल में बनाया और अपने सभी विकेट खो दिए.
इसके जवाब में पाकिस्तान ने केवल तीन विकेटों के नुकसान पर 36 ओवर और चार गेंदों में ही 169 रन बनाकर यह मैच अपने नाम कर लिया.
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाज़ी करने का मौका दिया. हालांकि शनिवार को भी बादल छाए रहने की वजह से मैच क़रीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हो सका.
दोनों देशों के बीच पाँच एकदिवसीय मैंचों की श्रृंखला खेली जा रही है.
दूसरा मैच
पाकिस्तान की ओर से शोएब अख्तर औऱ मोहम्मद आसिफ़ की शानदार गेंदबाज़ी और टीम की बेहतर बल्लेबाज़ी के प्रदर्शन की वजह से टीम ने शनिवार का मैच जीता.
शानदार गेंदबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए शोएब अख़्तर ने मात्र 28 रन देकर चार विकेट चटकाए. वहीं मोहम्मद आसिफ़ ने भी केवल 10 रन देकर दो विकेट लिए.
पाकिस्तान की ओर से बल्लेबाज़ी करते हुए यूनिस ख़ान ने 55 रन बनाए पर क्लार्क की गेंद पर आउट हो गए जबकि मोहम्मद यूसुफ़ 49 रन बनाकर नाबाद रहे.
इंग्लैंड की ओर से सबसे ज़्यादा रन बनाए क्लार्क ने. उन्होंने 39 रन बनाए और शोएब अख़्तर की गेंद पर आउट हो गए.
वहीं बल्लेवाज़ कॉलिंगवुड ने 35 रन बनाए और अफ़रीदी की गेंद पर आउट हो गए.
पहला मैच
इससे पहले इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच बुधवार को कार्डिफ़ में खेला गया पहला वनडे मैच बारिश के कारण पूरा नहीं खेला जा सका था और यह बिना किसी नतीजे के ख़त्म हो गया था.
30 अगस्त को खेला गया पहला मैच इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 202 रन बनाए थे. इसमें इयान बेल ने 88 रनों का योगदान दिया था.
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आसिफ़ और शोएब अख्तर ने तीन-तीन विकेट लिए थे लेकिन जब पाकिस्तान बल्लेबाज़ी के लिए उतरा तो बारिश शुरू हो गई.
इसके बाद मैच को घटाकर 32 ओवरों का कर दिया गया था. साथ ही पाकिस्तान के लिए लक्ष्य घटाकर 159 रन कर दिया गया था.
मैच खत्म होने तक पाकिस्तान ने एक विकेट के नुक़सान पर 46 रन बनाए थे.
मुक़ाबला
टेस्ट विवाद के बाद सभी की निगाहें इंग्लैंड और पाकिस्तान की वनडे सिरीज़ पर लगी हुईं हैं.
दोनों ही टीमों के हौसले बुलंद हैं. एक तरफ़ मेज़बान इंग्लैंड ने टेस्ट सिरीज़ में पाकिस्तान को 3-0 से हराया है तो वहीं पाकिस्तान ने भी ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच जीतकर फ़ॉर्म के संकेत दे दिए हैं.
अगर पिछले कुछ वनडे मैचों पर ग़ौर किया जाए तो इंग्लैंड ने निराश ही किया है. मेज़बान इंग्लैंड को पिछले बीस वनडे मैचों में से सिर्फ़ पाँच मैचों में ही जीत हासिल हुई है.
इस साल की शुरूआत में इंग्लैंड को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था और इसके बाद पाकिस्तान दौरे पर भी इंग्लैंड कोई ख़ास कमाल नहीं दिखा पाया था.
उधर पाकिस्तान के गेंदबाज़ शोएब अख़्तर की छह महीने बाद मैदान पर वापसी हुई है.