http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 31 अगस्त, 2006 को 15:49 GMT तक के समाचार

भूपति की यूएस ओपन से विदाई

भारत के टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति और बेल्जियम के एक्सिवियर मैलिस्से की जोड़ी यूएस ओपन के युगल मुकाबलों में पहले ही दौर में बाहर हो गई है.

भूपति-मैलिस्से की जोड़ी को चेक रिपब्लिक के लोईस फ्रैड औऱ रूस के मिखैल ने सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हरा दिया.

फ्रैड और मिखेल ने भूपति-मैलिस्से की जोड़ी को हराने में सिर्फ एक घंटा 37 मिनट का वक्त लिया.

पूरे मैच के दौरान भूपति-मैलिस्से की जोड़ी ने कई गलतियाँ की. अब भूपति की उम्मीदें मिश्रित युगल में बची हैं.

मिश्रित युगल में उनके जोड़ीदार अर्जेंटीना की पाउला सॉरेज़ होंगी. इस जोड़ी का मुकाबला पहले दौर में अनास्तासिया रोडियोनोवा और कैविन उलयट से होगा.

इसके अलावा युगल वर्ग में छठी वरीयताप्राप्त प्राप्त लिएंडर पेस शुक्रवार को युगल मुकाबले में अपना पहला मैच खेलेंगे जिसमें उनके जोड़ीदार चेक रिपब्लिक के मार्टिन डेम होंगे.

भारतीय महिला टेनिस को नई ऊचाईयाँ देने वाली सानिया मिर्ज़ा भी भारतीय समय अनुसार गुरूवार रात दूसरे दौर का मैच खेलेंगी.

उनका मुकाबला टूर्नामेंट में 14वीं वरीयता प्राप्त इटली की फ्रांसिस्का शियावोने से होगा.

सानिया ने पहले दौर में क्रोएशिया की अनुभवी खिलाड़ी कैरोलिना स्प्रेम को सवा घंटे में 6-4, 6-2 से मात दी थी.