http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 28 अगस्त, 2006 को 17:01 GMT तक के समाचार

आईसीसी की कार्यकारी बोर्ड की बैठक रद्द

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ओवल टेस्ट में हुए विवाद को लेकर दुबई में दो सितंबर को होने वाली कार्यकारी बोर्ड की बैठक रद्द कर दी है.

माना जा रहा था कि इस बैठक में ऑस्ट्रेलिया के अंपायर डेरेल हेयर पर भी चर्चा होगी और पाकिस्तान के कप्तान इंज़माम उल हक़ के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की सुनवाई की तारीख़ भी तय होगी.

लेकिन आईसीसी के अध्यक्ष पर्सी सोन ने कहा कि अब यह स्पष्ट है कि कार्यकारी बोर्ड के निदेशकों में इस मुद्दे को लेकर पहले ही सहमति है और इसलिए बैठक की अब आवश्यकता नहीं.

सोन ने कहा, "पिछले कुछ दिनों से ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या कार्यकारी बोर्ड के पास इसका अधिकार है कि वह अंपायरों के आरोपों को पलट सकें."

उन्होंने कहा कि बैठक से पहले ये अटकलें और ज़ोर पकड़तीं. इसलिए बैठक को रद्द करने से इस मुद्दे से लोगों का ध्यान हटेगा और वे इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच एक दिवसीय मैचों पर ध्यान देंगे.

मक़सद

सोन ने कहा, "बैठक का असली मक़सद कार्यकारी बोर्ड के अधिकारों पर क़ानूनी राय लेना था. लेकिन मैं नहीं समझता कि अब इस पर क़ानूनी राय लेने की आवश्यकता है. आचार संहिता के मुद्दे पर आईसीसी की प्रक्रिया है और हमें इसमें दख़ल देने की आवश्यकता नहीं."

विवाद उस समय शुरू हुआ था जब इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच ओवल में चल रहे चौथे टेस्ट के दौरान अंपायर डेरेल हेयर और बिली डॉक्ट्रोव ने गेंद से छेड़छाड़ के आधार पर इंग्लैंड को पाँच पेनल्टी रन दे दिए.

चायकाल के बाद पाकिस्तान की टीम क़रीब 45 मिनट तक मैदान पर नहीं आई और जब मैदान पर आई तो अंपायरों ने आने से मना कर दिया. मैच को रद्द कर दिया गया और इंग्लैंड की टीम विजेता घोषित हुई.

बाद में अंपायरों की रिपोर्ट पर आईसीसी ने कप्तान इंज़माम पर दो आरोप लगाए. पहला गेंद से छेड़छाड़ का और दूसरा क्रिकेट का नाम बदनाम करने का.

इंज़माम के ख़िलाफ़ आईसीसी की सुनवाई सितंबर में होगी लेकिन अभी कोई निश्चित तारीख़ की घोषणा नहीं हो पाई है.