http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 28 अगस्त, 2006 को 12:18 GMT तक के समाचार

आईसीसी पर बरसे अंपायर डेरेल हेयर

विवादों में घिरे अंपायर डेरेल हेयर ने ज़ोर देकर कहा है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के कहने के पर ही पाँच लाख डॉलर के बदले इस्तीफ़े की लिखित पेशकश की थी.

आईसीसी ने रविवार को कहा था कि ओवल टेस्ट में हुए विवाद के बाद अंपायर डेरेल हेयर और उनके बॉस डग कोवी के बीच 'अनौपचारिक विचार विमर्श' हुआ था. न्यूज़ीलैंड के डग कोवी आईसीसी में अंपायरों के मैनेजर हैं.

लेकिन आईसीसी के प्रवक्ता ने दावा किया कि किसी भी मौक़े पर पैसे को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी. दूसरी ओर अंपायर डेरेल हेयर का कुछ और ही कहना है.

हेयर ने एक बयान में कहा है, "कोवी के साथ लंबी बातचीत के दौरान मुझसे लिखित पेशकश देने को कहा गया था. मेरे ई-मेल में जिस रक़म का ज़िक्र है वह आईसीसी के साथ विचार-विमर्श के बाद दी गई थी."

हेयर ने कहा कि वे यह समझ रहे थे कि उनके ई-मेल से ये स्पष्ट हो जाएगा कि इस मुद्दे पर उनका आईसीसी के साथ विचार-विमर्श चल रहा था.

स्पष्टीकरण

उन्होंने इस बारे में अपने ई-मेल की शुरुआती पंक्तियों का हवाला भी दिया. जिसमें उन्होंने कोवी लिखा था- जैसा कि इस शाम हमने विचार-विमर्श किया था.....

हेयर ने बाद में इस प्रस्ताव को वापस ले लिया था. ओवल टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ के मामले पर उस समय विवाद शुरू हुआ जब अंपायर डेरेल हेयर और बिली डॉक्ट्रोव ने इंग्लैंड को पाँच पेनल्टी रन दिए और गेंद बदल दी.

उस समय चौथे दिन का खेल चल रहा था. चायकाल के बाद पाकिस्तान की टीम 45 मिनट तक मैदान पर नहीं आई और जब बाद में टीम मैदान में पहुँची तो अंपायर नहीं आए.

ओवल टेस्ट रद्द करते हुए इंग्लैंड को मैच का विजेता घोषित कर दिया गया. बाद में आईसीसी ने पाकिस्तान के कप्तान इंज़माम-उल-हक़ पर दो आरोप लगाए. पहला गेंद से छेड़छाड़ का और दूसरा क्रिकेट का नाम बदनाम करने का.