रविवार, 27 अगस्त, 2006 को 14:03 GMT तक के समाचार
यूएस ओपन टेनिस प्रतियोगिता सोमवार से शुरू होने जा रही है. इस बार प्रतियोगिता में सबके निगाहें रहेंगी अमरीकी टेनिस खिलाड़ी आंद्रे अगासी पर जो अपने अंतिम यूएस ओपन में खेलेंगे.
36 वर्षीय अगासी लगातार 21वीं बार यूएस ओपन में हिस्सा लेंगे. वे 1994 और 1999 में यूएस ओपन चैंपियन रह चुके हैं.
पिछले कुछ समय से वे पीठ के दर्द से परेशान रहे हैं. कुछ महीने पहले अगासी ने घोषणा की थी कि वे यूएस ओपन के बाद टेनिस से संन्यास ले लेंगे.
अगासी के सम्मान में 200 से ज़्यादा खिलाड़ी प्रतियोगिता शुरू होने से पहले इकट्ठा हुए और सबने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया.
अगासी ने कहा है, "इस जगह को मैं सबसे ज़्यादा पसंद करता हूँ, ख़ुद को साबित करने के लिए मेरे लिए ये एक मंच रहा है."
मुकाबले
अगासी यूएस ओपन के पहले दौर में आंद्रे पावेल से भिड़ेंगे. पिछली बार वे विश्व के नंबर एक खिलाड़ी रॉजर फे़डरर से फ़ाइनल में हार गए थे.
रॉजर फे़डरर मंगलवार को यूएस ओपन अभियान की शुरूआत करेंगे.वे वर्तमान यूएस चैंपियन भी हैं और लगातार तीसरी बार ये खिताब जीतने की फ़िराक में हैं.
सिर्फ़ जॉन मैकेनरो और इवान लेंडल ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो तीन बार यूएस ओपन जीत चुके हैं.
वर्ष 2003 में यूएस ओपन विजेता अमरीका के एंडी रॉडिक सोमवार को अपना पहला मैच खेलेंगे.
उधर महिलाओं के वर्ग में जस्टिन हेना-हार्डिन का मुकाबला इटली की मारिया ऐलिना से होगा.
वहीं कंधे की चोट से जूझ रहीं अमरीका की लिंडसे डेवनपोर्ट सोमवार को चेक गणराज्य की क्लारा ज़ाकोपोलोवा से भिड़ेंगीं.