http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 अगस्त, 2006 को 11:32 GMT तक के समाचार

'मुशर्रफ़ ने पाक टीम का समर्थन किया'

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच हुए ओवल क्रिकेट मैच में गेंद से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर विवाद जारी है.

इस विवाद को लेकर पाकिस्तान में कड़ी प्रतिक्रिया सामने आ रही है.

ख़बर है कि इस मुद्दे पर पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के कप्तान इंज़माम उल हक़ को टेलीफ़ोन किया है.

रिपोर्टों के मुताबिक परवेज़ मुशर्रफ़ ने पाकिस्तानी टीम के उस फ़ैसले का समर्थन किया है जिसमें गेंद से छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद क्रिकेट टीम ने तुरंत ओवल मैदान पर आने से इनकार कर दिया था.

ये भी माना जा रहा है कि परवेज़ मुशर्रफ़ ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया के अंपायर डेरल हेयर ने पाकिस्तान का अपमान किया है.

इंग्लैंड के ओवल में रविवार को हुए टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम पर गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था.

इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने मैच खेलने से इनकार कर दिया था और इंग्लैंड को विजयी घोषित कर दिया गया था.

विवाद

पाकिस्तानी अख़बारों में ओवल टेस्ट मैच के विवाद की ख़बरें पहले पन्ने पर हैं.

129 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि टेस्ट मैच में किसी टीम को इस तरह विजेता घोषित किया गया.

संवाददाताओं का कहना है कि डेरेन हेयर दक्षिण एशियाई क्रिकेट प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय नहीं है.

1995 में उन्होंने श्रीलंका के गेंदबाज़ मुरलीधरन की गेंदबाज़ी एक्शन पर सवाल उठाए थे.

पिछले साल नवंबर में पाकिस्तान में हुए टेस्ट मैच के दौरान उन्होंने इंज़माम उल हक़ को रन आउट करार दिया था और इस फ़ैसले को लेकर भी सवाल उठे थे.

ओवल टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान ने एतराज़ जताया था कि डेरेन हेयर को अंपायर बनाया गया है.