रविवार, 20 अगस्त, 2006 को 16:46 GMT तक के समाचार
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि भारत के साथ तीन मैचों की एक दिवसीय सिरीज़ रद्द कर दी गई है.
एक श्रीलंकाई अधिकारी ने कहा कि मौसम में सुधार के संकेत नहीं मिल रहे हैं और ऐसे में सिरीज़ को जारी रखने का कोई मतलब नहीं है.
श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने ये फ़ैसला भारतीय टीम प्रंबधन के सदस्यों से मुलाकात के बाद किया.
लगातर हो रही बारिश के चलते भारत-श्रीलंका के बीच एक भी वनडे मैच नहीं हो पाया है. एक हफ़्ते के दौरान सिर्फ़ 22 गेंदें ही फेंकी जा सकीं.
सिरीज़ के रद्द होने की अटकलें तो दोपहर से ही लग रही थीं लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा शाम को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मीडिया संजोयक सामंथा अलगामा ने की.
संकट के बादल
इस सिरीज़ की शुरुआत 14 अगस्त से श्रीलंका, भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच त्रिकोणीय श्रृंखला के तौर पर हुई थी. 14 अग्स्त को श्रीलंका-दक्षिण अफ़्रीका मैच बारिश के कारण धुल गया.
उसी दिन राजधानी कोलंबो में हुए धमाकों के कारण बात बिगड़ गई.
दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और फिर अपना बोरिया-बिस्तर समेटने का फ़ैसला किया. लेकिन भारतीय टीम ने मैच खेलने का फ़ैसला किया.
इसके बाद तय किया गया था कि श्रीलंका और भारत तीन मैचों की एक दिवसीय सिरीज़ खेलेंगे और मैच 18, 20 और 22 अगस्त को खेले जाएँगे.
लेकिन बारिश के कारण एक मैच भी नहीं खेला जा सका. पहले मैच में कुल 16 मिनट का खेल हो पाया था जिसमें सिर्फ़ 22 गेंदें खेली गई और भारत ने 11 रन बनाए .
इस सिरीज़ के लिए एक रिजर्व दिन भी रखा गया था. लेकिन रिजर्व दिन भी बारिश होती रही और मैच नहीं हो सका. रविवार को होने वाले दूसरे एक दिवसीय मैच का भी यही हाल हुआ.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक श्रीलंका-भारत-दक्षिण अफ़्रीका त्रिकोणीय सिरीज़ अब अगले साल हो सकती है.