शनिवार, 19 अगस्त, 2006 को 07:42 GMT तक के समाचार
कोलंबों में तेज़ बारिश के चलते भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार को संभावित पहला एकदिवसीय मैच भी रद्द करना पड़ा है.
तीन एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ में से अब केवल दो मैंचों का खेल होना है. इनमें से एक रविवार को जबकि दूसरा 22 अगस्त को खेला जाना है.
इससे पहले शुक्रवार को 22 गेंदों का मैच खेला जा सका था. भारत ने टॉस जीतकर बिना किसी नुकसान के 11 रन बनाए थे जिनमें से नौ राहुल द्रविड़ ने और दो रन सचिन ने बनाए थे.
कल रात और फिर आज सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण मैच शुरुआत में कुछ देर के लिए टाल दिया गया पर बाद में इसे रोकना पड़ा.
शुक्रवार को भारत के कप्तान राहुल द्रविड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.
मैच की शुरुआत कप्तान राहुल द्रविड़ और लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे सचिन तेंदुलकर ने की. जब चौथे ओवर का खेल चल रहा था, तो अंपायरों ने ख़राब रोशनी के कारण मैच रोकने का फ़ैसला किया.
सुरक्षा
पहले श्रीलंका में त्रिकोणीय प्रतियोगिता होनी थी और मेजबान श्रीलंका और दक्षिण अफ़्रीका के अलावा तीसरी टीम भारत की थी.
14 अगस्त को इस त्रिकोणीय प्रतियोगिता का पहला मैच खेला जाना था, उसी दिन राजधानी कोलंबो में एक ज़बरदस्त धमाका हो गया. जिसमें सात लोग मारे गए.
उसके बाद दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रतियोगिता से अपने को अलग कर लिया.
लेकिन भारतीय टीम ने मैच खेलने का फ़ैसला किया. इस बाद त्रिकोणीय सिरीज़ की जगह भारत और श्रीलंका के बीच तीन एक दिवसीय मैच खेलने का फ़ैसला हुआ.
भारतीय टीम:
राहुल द्रविड़ (कप्तान), वीरेंदर सहवाग (उप कप्तान), सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी, रमेश पवार, अजित अगरकर, इरफ़ान पठान, हरभजन सिंह और मुनाफ़ पटेल.
श्रीलंका की टीम:
महेला जयवर्धने (कप्तान), कुमार संगकारा (उप कप्तान), तिलकरत्ने दिलशान, चमारा कपुगेदरा, फ़रवीज़ महारूफ़, चमिंडा वास, दिलहारा फ़र्नांडो, मुथैया मुरलीधरन और लसिथ मलिंगा.