शुक्रवार, 18 अगस्त, 2006 को 14:03 GMT तक के समाचार
भारत और श्रीलंका के बीच मैच एक बार फिर बारिश की भेंट चढ़ गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण बार-बार टल रहा मैच शुरू तो हुआ लेकिन ख़राब रोशनी के कारण मैच रोकना पड़ा.
बाद में मैच को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया. अब यह मैच शनिवार को खेला जाएगा. तीन एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ में भारत के कप्तान राहुल द्रविड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.
मैच की शुरुआत कप्तान राहुल द्रविड़ और लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे सचिन तेंदुलकर ने की. जब चौथे ओवर का खेल चल रहा था, तो अंपायरों ने ख़राब रोशनी के कारण मैच रोकने का फ़ैसला किया.
उस समय भारत का स्कोर था बिना किसी विकेट के नुक़सान के 11 रन. कप्तान द्रविड़ नौ रन और सचिन तेंदुलकर दो रन रन बनाकर खेल रहे थे.
सुरक्षा
पहले श्रीलंका में त्रिकोणीय प्रतियोगिता होनी थी और मेजबान श्रीलंका और दक्षिण अफ़्रीका के अलावा तीसरी टीम भारत की थी.
14 अगस्त को इस त्रिकोणीय प्रतियोगिता का पहला मैच खेला जाना था, उसी दिन राजधानी कोलंबो में एक ज़बरदस्त धमाका हो गया. जिसमें सात लोग मारे गए.
उसके बाद दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रतियोगिता से अपने को अलग कर लिया.
लेकिन भारतीय टीम ने मैच खेलने का फ़ैसला किया. इस बाद त्रिकोणीय सिरीज़ की जगह भारत और श्रीलंका के बीच तीन एक दिवसीय मैच खेलने का फ़ैसला हुआ.
भारतीय टीम:
राहुल द्रविड़ (कप्तान), वीरेंदर सहवाग (उप कप्तान), सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी, रमेश पवार, अजित अगरकर, इरफ़ान पठान, हरभजन सिंह और मुनाफ़ पटेल.
श्रीलंका की टीम:
महेला जयवर्धने (कप्तान), कुमार संगकारा (उप कप्तान), तिलकरत्ने दिलशान, चमारा कपुगेदरा, फ़रवीज़ महारूफ़, चमिंडा वास, दिलहारा फ़र्नांडो, मुथैया मुरलीधरन, सनत जयसूर्या, उपुल थरंगा और लसिथ मलिंगा.