गुरुवार, 03 अगस्त, 2006 को 13:25 GMT तक के समाचार
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा स्लोवेनिया की कैटरीना स्रेबोत्निक को सीधे सेटों में हरा कर एक्यूरा क्लासिक टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुँच गई हैं.
सानिया ने 13 लाख डॉलर ईनामी प्रतियोगिता के दूसरे दौर में गुरूवार को डेढ़ घंटे तक चले मुक़ाबले में 15 वीं वरीयता प्राप्त स्रेबोत्निक को 6-3, 7-6 से शिकस्त दी.
तीसरे दौर में उनका मुक़ाबला दुनिया की छठी शीर्ष खिलाड़ी रूस की ऐलेना देमेंतिएवा से होगा.
देमेंतिएवा ने इसी वर्ष विंबलडन के पहले ही दौर में सानिया को बाहर कर दिया था.
गुरूवार के मैच में सानिया ने मैच के शुरु से ही दबाव बना शुरु कर दिया था.
स्रेबोत्निक की ख़राब सर्विस का फायदा उठाते हुए उन्होंने पहले सेट में मिले तीनों ब्रेक प्वाईंट अपने पक्ष में कर लिए.
पहले सेट में सानिया का दबदबा रहा. उन्होंने स्रेबोत्निक के 19 की तुलना में 30 सटीक शॉट लगाए.
दूसरे सेट में स्रेबोत्निक ने वापसी की पुरज़ोर कोशिश की. सानिया को दो बार अपने प्रतिद्वंदी की सर्विस ब्रेक करने का मौका मिला लेकिन वो मैच को टाई ब्रेकर में जाने से नहीं रोक सकीं.
लेकिन एक बार फिर ख़राब सर्विस ने स्रेबोत्निक का साथ नहीं दिया. उन्होंने चार डबल फॉल्ट किए जिसका पूरा फायदा उठाते हुए सानिया ने मैच अपने नाम कर लिया.
सानिया ने पहले दौर में अमरीका की मेघन शॉगनेसी को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 से हराया था.