बुधवार, 02 अगस्त, 2006 को 16:15 GMT तक के समाचार
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा अमरीका की मेघन शॉगनेसी को सीधे सेटों में हरा कर एक्यूरा क्लासिक टूर्नामेंट के दूसरे दौर में पहुँच गई हैं.
सानिया ने 13 लाख यूएस डॉलर ईनामी टूर्नामेंट का आग़ाज़ ज़बरदस्त फोरहैंड और चतुराई भरे शॉट से करते हुए शॉगनेसी को 6-3, 6-1 से हरा दिया.
दूसरे दौर में सानिया की भिड़ंत स्लोवाकिया की कैटरीना स्रेबोत्निक से होगी.
शॉगनेसी ने सानिया के साथ अपने करियर की पहली मुलाक़ात की शुरुआत अच्छी सर्विस से की और पहले दो गेम अपने नाम कर लिए.
एक समय गेम दो-दो से बराबरी पर था लेकिन उसके बाद सानिया ने खेल का रुख़ अपनी ओर मोड़ लिया.
सानिया ने शॉगनेसी की सर्विस तोड़ते हए 5-3 की बढ़त बना ली और इसके बाद पहला सेट अपने नाम कर लिया.
दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक बार अपनी सर्विस गँवाई लेकिन सानिया ने ये सेट भी 6-1 से जीत लिया.