http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 22 जुलाई, 2006 को 09:42 GMT तक के समाचार

सानिया सिनसिनाटी ओपन से बाहर

भारत की सानिया मिर्ज़ा सिनसिनाटी ओपन टेनिस प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं. क्वार्टर फ़ाइनल में उन्हें स्विट्ज़रलैंड की पैटी श्नीडर ने सीधे सेटों में 7-6, 7-5 से हरा दिया.

सानिया ने पैटी श्नीडर को अच्छी चुनौती दी लेकिन नतीजा नहीं दे पाईं और मुक़ाबले से बाहर हो गईं. दोनों के बीच पहला सेट टाई ब्रेकर में गया.

सानिया ने नौवीं वरीयता प्राप्त पैटी श्नीडर को कड़ी टक्कर दी. दोनों एक-एक गेम लगातार जीत रहे थे. लेकिन टाई ब्रेकर में सानिया चूक गईं.

दूसरे सेट में भी सानिया ने अच्छी शुरुआत की और श्नीडर को परेशान किया. लेकिन श्नीडर ने संभल कर खेलते हुए ये सेट 7-5 से जीतकर सेमी फ़ाइनल में जगह बनाई.

अन्य क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबलों में अमरीका की सरीना विलियम्स ने अमरीका की ही एमी फ़्रेज़र को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से मात दी.

स्लोवेनिया की कैटरीना श्रेबोतनिक ने छठी वरीयता प्राप्त फ़्रांस की मेरियन बार्तोली को 6-2 और 6-1 से आसानी से हरा दिया.

जबकि रूस की वेरा ज़्वोनारेवा ने सर्बिया-मॉन्टिनीग्रो की येलेना जोन्कोविच को आसानी से 6-1, 6-1 से हराकर सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली.