गुरुवार, 29 जून, 2006 को 10:50 GMT तक के समाचार
भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा विंबलडन प्रतियोगिता के पहले ही दौर में बाहर हो गई हैं.
उन्हें सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रुस की एलेना देमेन्तीवा ने 7-6 ( 7-5), 7-5 से हरा दिया.
2005 में विंबलडन में अच्छा प्रदर्शन कर चुकी सानिया के लिए पहले ही दौर में सातवी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी से मुक़ाबला करना मुश्किल रहा लेकिन उन्होंने मैच में काफी संघर्ष किया.
पहले सेट को सानिया टाईब्रेकर तक ले जाने में सफल रहीं लेकिन देमेन्तीवा ने धैर्यपूर्वक खेलते हुए पहला सेट अपने नाम कर लिया.
दूसरे सेट में भी सानिया ने काफी मेहनत की लेकिन देमेन्तीवा के सामने उनकी एक न चली.
2005 में सानिया ने विंबलडन के दूसरे दौर में प्रवेश किया था जहाँ उन्हें पांचवी वरीयता प्राप्त स्वेतलाना कुज़नेत्सोवा ने हराया.
बाद में कुज़नेत्सोवा ने ही विंबलडन ख़िताब भी जीता.
सानिया मिर्ज़ा का अबतक का ग्रैंडस्लैम में सबसे उम्दा प्रदर्शन 2005 में रहा जब वो यूएस ओपन के चौथे दौर तक पहुंचने में सफल हुई थीं.