http://www.bbcchindi.com

रविवार, 18 जून, 2006 को 02:19 GMT तक के समाचार

हाफ़ पैंट पहनने को मजबूर दर्शक

विश्व कप के पहले दौर के मैचों में शुक्रवार को हॉलैंड के 1000 से अधिक समर्थकों को हाफ़ पैंट में ही मैच देखने पर मजबूर होना पड़ा था.

रविवार को फ़ीफ़ा ने इस रोचक घटना के कारणों की जानकारी दी और बताया कि क्यों शुक्रवार को हॉलैंड के कई समर्थकों की पैंट उतरवा कर स्टेडियम में जाने की अनुमति दी गई थी.

शुक्रवार को हॉलैंड औऱ आइवरी कोस्ट का मैच देखने के लिए जब एक हज़ार से अधिक लोग पहुंचे तो उन्होंने जो पैंट पहनी थी उस पर हॉलैंड की बीयर बनाने वाली कंपनी का लोगो और नाम लगा हुआ था.

आयोजकों ने इन दर्शकों को रोका और अंदर जाने से मना कर दिया ताकि विश्व कप के प्रायोजन से अधिकृत रुप से जुड़ी बीयर कंपनी के अधिकारों की रक्षा की जा सके.

लेकिन दर्शकों को मैच तो देखना ही था तो एक रास्ता निकाला गया. पुरुष दर्शकों ने तुरंत अपनी फुलपैंट उतार कर आयोजकों के हाथों में थमाई और घुस पड़े स्टेडियम में.

यह कारण था कि मैच देखने वाले हॉलैंड के कई समर्थक अपने अधोवस्त्रों में ही स्टेडियम में दिखे.
आयोजकों ने बताया कि उन्होंने चोरी-छुपे प्रचार करने की कोशिश को रोका है.

अमरीकी कंपनी बडवाइज़र को उन स्टेडियमों में बीयर बेचने के अधिकार मिले हैं जहाँ विश्व कप मैच हो रहे हैं. बडवाइज़र ने ये अधिकार पाने के लिए पांच करोड़ डॉलर की राशि खर्च की है.