http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 17 जून, 2006 को 21:31 GMT तक के समाचार

अमरीका- इटली मैच 1-1 से ड्रॉ

इटली और अमरीका के बीच हुआ रोमांचक फ़ुटबॉल विश्व कप मैच 1-1 से बराबरी पर छूटा है.

इटली की ओर से एलबर्तो जिलारडिनो ने गोल किया और दूसरा गोल
इटली के क्रिस्टियन ज़कार्डो ने अपनी ही टीम के ख़िलाफ़ कर दिया जिससे मैच बराबरी पर आ गया.

इस नतीजे के बाद अब ग्रुप ई के सभी देशों के लिए अगले दौर में जाने के दरवाज़े खुले हैं.

पहला हाफ़

घाना को हरा कर इटली ने विश्व कप अभियान की विजयी शुरूआत की थी लेकिन अमरीका के ख़िलाफ़ मैच में लगा कि इटली अमरीका के अनुशासित खेल के लिए तैयार ही नहीं थी.

अमरीका और इटली के बीच मैच का वर्चुअल रीप्ले

इटली के फ़्रांसचेस्को टोटी को खेल के पाँचवे मिनट में ही पीला कार्ड दिखा दिया गया.

खेल के 15 वें और 16वें मिनट में अमरीका के बॉबी कॉनवे को गोल करने के मौके मिले लेकिन दोनों ही मौके गवा दिए. 16वें मिनट में उन्होंने बहुत ऊँचाई पर शॉट मारा और गोल नहीं हो सका.

इसके बाद 21वें मिनट में पिरलो ने एलबर्तो जिलारडिनो को पास दिया और जिलारडिनो ने अमरीकी गोलकीपर केलर को चकमा देते हुए गोल दाग दिया.

घाना ने चेक गणराज्य को 2-0 से मात दी

एलबर्तो जिलारडिनो ने अमरीकी रक्षा पंक्ति को पार करते हुए ये गोल किया.

लेकिन 1-0 की ये बढ़त ज़्यादा देर बरकरार नहीं कर पाई. 27वें मिनट में
इटली के क्रिस्टियन ज़कार्डो ने ग़लती से अपनी ही टीम पर गोल कर दिया और खेल 1-1 पर बराबर हो गया.

यही गोल निर्णायक साबित हुआ क्योंकि इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी.

दूसरा हाफ़

दूसरे हाफ़ में अमरीका ने इटली की एक न चलने दी. दूसरे हाफ़ में मैदान पर इटली के 10 खिलाड़ी थे और अमरीका के नौ. लेकिन अमरीका के खिलाड़ी डटे रहे और इटली को जीत से दूर रखा.

52वें मिनट में अमरीकी खिलाड़ी कार्लोस अपने ही टीम पर गोल करते करते बचे.

पुर्तगाल ने ईरान को 2-0 से हराया

अमरीका के गोलकीपर केसी केलर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 73वें और 79वें मिनट में दो गोल बचाए.

किसी विश्व कप में सिर्फ़ चौथी बार ही ऐसा हुआ है कि मैच के दौरान तीन खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया हो.

इटली के रॉसी और मैक्ब्राइड के भिडंत के बाद मैक्ब्राइड घायल हो गए और उनके मुँह से खून निकलने लगा. इसके बाद रॉसी को बाहर कर दिया गया.

इसके अलावा अमरीका के पाबलो मैसत्रोएनी को फ़ाउल के लिए और ऐडी पोप को दो बार बुक किए जाने के बाद बाहर किया गया.