http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 15 जून, 2006 को 18:30 GMT तक के समाचार

इंग्लैंड ने अंतिम 16 में जगह बनाई

इंग्लैंड ने अंतिम मिनटों में किए गए गोलों के सहारे त्रिनिदाद एंड टोबैगो को 2-0 से हरा कर फ़ुटबॉल विश्व कप के नॉक आउट राउंड में जगह बना ली है.

ग्रुप-बी में बाक़ी दो टीम स्वीडन और पराग्वे की हैं.

प्रतियोगिता में खेल रहे सबसे छोटे देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो और फ़ुटबॉल के पारंपरिक दिग्गज इंग्लैंड के बीच पहले 82 मिनट तक मुक़ाबला गोलरहित था. हालाँकि इस दौरान इंग्लैंड को गोल करने के कुछ मौक़े ज़रूर मिले.

इंग्लैंड-त्रिनिदाद एंड टोबैगो का वर्चुअल रीप्ले

आख़िरकार 83वें मिनट में दाहिने तरफ़ से दिए गए कप्तान डेविड बेकम के एक क्रॉस को पीटर क्राउच हेडर से गोल में बदलने में सफल रहे.

फ़ुटबॉल विश्व कप पर हमारी विशेष पेशकश

यह मौजूदा विश्व कप में इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी का पहला गोल था. इससे पहले पराग्वे पर मिली 1-0 से जीत में गोल पराग्वे के ही एक खिलाड़ी से हुआ था.

कड़ा मुक़ाबला

पौने सात फुट लंबे स्ट्राइकर क्राउच के गोल के बाद इंग्लैंड की टीम में नई जान आई. हालाँकि निर्धारित 90 मिनट में इंग्लैंड कोई और गोल नहीं कर पाया.

इंग्लैंड का दूसरा गोल इंजरि टाइम में स्टीवन जेरार्ड ने किया. वह बायें पाँव से एक ज़ोरदार शॉट सीधे गोलपोस्ट में डालने में सफल रहे.

इंग्लैंड ने 58वें मिनट में माइकल ओवेन की जगह सब्स्टीच्यूट के रूप में वेन रूनी को उतारा. लेकिन कई हफ़्तों से चोटग्रस्त चल रहे रूनी कोई ख़ास क़रतब नहीं दिखा पाए.

त्रिनिदाद एंड टोबैगो को भी गोल करने के कई मौक़े मिले, लेकिन उनकी तरफ़ से कोई गोल हो नहीं पाया.

अपना पहला विश्व कप खेल रही कैरीबियन टीम पहले मैच में स्वीडन के ख़िलाफ़ मुक़ाबला गोलरहित बराबरी पर रखने में क़ामयाब रही थी.