http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 जून, 2006 को 21:56 GMT तक के समाचार

संघर्षपूर्ण मुक़ाबले में अर्जेंटीना की जीत

शनिवार को हुए विश्व कप के एक संघर्षपूर्ण और रोमांचक मैच में दो बार के विश्व चैम्पियन अर्जेंटीना ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हरा दिया.

हैम्बर्ग में हुए ग्रुप सी के इस मैच में दोनों देशों के बीच रोमांचक मुक़ाबला हुआ. आख़िर तक आइवरी कोस्ट की टीम ने अर्जेंटीना पर दबाव बनाए रखा.

इतनी बड़ी प्रतियोगिता में खेलने का अर्जेंटीना का अनुभव काम आया और आख़िरी क्षणों में आइवरी कोस्ट के लगातार आक्रमण के बीच खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा.

विश्व कप: दर्शक दीर्घा से

पहले हाफ़ में अर्जेंटीना की टीम ने शुरुआत अच्छी की. लेकिन जल्द ही आइवरी कोस्ट के तेज़-तर्रार खिलाड़ियों ने अर्जेंटीना के गोल क्षेत्र में धड़ाधड़ आक्रमण करना शुरू किया.

पराग्वे के गोल की बदौलत इंग्लैंड जीता

हालाँकि उनका आक्रमण संयोजित नहीं था और कई बार अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों में तालमेल का भी अभाव दिखा. दूसरी ओर अर्जेंटीना की टीम अपने अंदाज़ में फ़ुटबॉल खेलती रही.

दबाव

अर्जेंटीना ने 24वें मिनट में पहला गोल किया. रोबर्टो अयाला के हेडर को हर्नेन क्रेस्पो ने गोल में डालने में कोई चूक नहीं की. इसके बाद आइवरी कोस्ट की टीम थोड़ी दबाव में आ गई.

त्रिनिदाद एंड टोबैगो ने स्वीडन को रोका

उनका संतुलन डोलने लगा. इसी बीच 38वें मिनट में जेवियर सोलाना ने रिकेल्मे के पास पर शानदार गोल किया और अर्जेंटीना के पक्ष में स्कोर हो गया 2-0.

विश्व कप के मैचों की तस्वीरें

हाफ़ टाइम तक आइवरी कोस्ट की टीम 0-2 से पिछड़ रही थी. हाफ़ टाइम के बाद आइवरी कोस्ट के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अर्जेंटीना के गोल क्षेत्र में पैठ बनानी शुरू की और कई अच्छे मूव बनाए.

लेकिन अनुभव की कमी के कारण वे इसे गोल में नहीं बदल पाए. अपने कप्तान डिडिए द्रोगबा पर उम्मीद टिकाए आइवरी कोस्ट को गोल करने का अवसर 82वें मिनट में मिला.

द्रोगबा ने गोल करने में कोई चूक नहीं की. इसके बाद आइवरी कोस्ट ने स्कोर बराबर करने के लिए जी-जान लगा दिया.

अर्जेंटीना की टीम भी आख़िरी क्षणों में कुछ दबाव में दिखी.

आख़िरी कुछ मिनटों में तो खेल अर्जेंटीना के ही हाफ़ में होता दिखा. लेकिन स्कोर बराबर करने की आइवरी कोस्ट की कोशिश नाकाम रही और अर्जेंटीना ने मैच 2-1 से जीत लिया.