शनिवार, 10 जून, 2006 को 16:52 GMT तक के समाचार
बेल्जियम की जस्टिन हेना हार्डिन ने लगातार दूसरे साल फ़्रेंच ओपन टेनिस में महिला सिंगल्स का ख़िताब जीत लिया है. हेना हार्डिन ने फ़ाइनल में रूस की स्वेतलाना कुज़नेत्सोवा को 6-4, 6-4 से हराया.
चार सालों में यह हेना हार्डिन का तीसरा फ़्रेंच ओपन ख़िताब है. शनिवार को हुए फ़ाइनल मैच के पहले ही गेम में कुज़नेत्सोवा की सर्विस तोड़कर हेना हार्डिन ने शानदार शुरुआत की.
एक समय वे 4-1 से आगे थीं. लेकिन आठवीं वरीयता प्राप्त स्वेतलाना कुज़नेत्सोवा ने मैच में वापसी की और हेना हार्डिन की सर्विस ब्रेक की.
लेकिन हेना हार्डिन को पहले सेट में शानदार शुरुआत का लाभ मिला और वे सेट 6-4 से जीतने में क़ामयाब रहीं. दूसरे सेट में कुज़नेत्सोवा ने हेना हार्डिन की सर्विस ब्रेक की और 2-0 से आगे हो गईं.
वापसी
लेकिन पिछड़ने के बावजूद हेना हार्डिन ने वापसी की और दूसरे मैच प्वाइंट को जीतकर सेट, मैच और ख़िताब पर क़ब्ज़ा कर लिया. फ़ाइनल मैच एक घंटे 36 मिनट तक चला.
इस जीत के साथ हेना हार्डिन आठवीं ऐसी महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने तीन बार फ़्रेंच ओपन का ख़िताब जीता है. 1996 में स्टेफ़ी ग्राफ़ के बाद हेना हार्डिन पहली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार फ़्रेंच ओपन का ख़िताब जीता है.
जीत के बाद ख़ुशी से झूम रही पाँचवीं वरीयता प्राप्त हेना हार्डिन ने कहा, "अपना तीसरा ख़िताब जीतकर मैं काफ़ी ख़ुश हूँ. यह प्रतियोगिता मेरे लिए काफ़ी शानदार साबित हुई है. मैं एक बार फिर ख़िताब जीतने में सफल रही."
मैच के बाद रूस की स्वेतलाना कुज़नेत्सोवा ने माना कि फ़ाइनल में हारना निराशाजनक होता है लेकिन उन्होंने फ़ाइनल में जगह बनाने को भी महत्वपूर्ण बताया.
कुज़नेत्सोवा ने हेना हार्डिन के खेल की तारीफ़ की और कहा कि उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया.