http://www.bbcchindi.com

रविवार, 09 अप्रैल, 2006 को 10:14 GMT तक के समाचार

गुवाहाटी में नाराज़ दर्शकों ने तोड़फ़ोड की

भारत के असम राज्य के शहर गुवाहाटी में भारत और इंग्लैंड की क्रिकेट टीमों के बीच पाँचवां वन डे मैच रद्द किए जाने से नाराज़ क्रिकेट प्रशंसकों ने तोड़फ़ोड़ की है.

गुवाहाटी मैच रद्द

समाचार एंजेसी एपी के मुताबिक मैच देखने आए लोगों ने होर्डिगों को आग लगा दी और पत्थरबाज़ी की.

भारत और इंग्लैंड के बीच गुवाहाटी में रविवार को होने वाला पाँचवां वनडे मैच बारिश के चलते नहीं हो सका.

दोपहर तक भी मौसम ठीक नहीं हुआ था और मैदान भी खेलने लायक नहीं था. इसके बाद मैच रद्द कर दिया गया.

पत्थरबाज़ी

गुवाहाटी में क्रिकेट प्रशंसक कई घंटों से मैच शुरू होने का इंतज़ार कर रहे थे और मैच रद्द किए जाने की बात कई लोगों के गले नहीं उतरी.

एपी के मुताबिक नाराज़ लोगों ने होर्डिगों को आग लगा दी और तीन टेलीवीज़न कैमरों को भी नुकसान पहुँचाया.

एजेंसी के मुताबिक मैदान को खाली करवाने के लिए पुलिस को आँसू गैस छोड़नी पड़ी और लाठी चार्ज करना पड़ा.

एपी ने बताया है कि असम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दीपक दत्त ने कहा है कि स्थिति पर काबू पा लिया गया है.

मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल भी हुए हैं. घायलों को अस्पताल ले जाया गया है.

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही वनडे सीरिज़ भारत पहले ही 4-0 से जीत चुका है.

अगला वन डे मैच अब जमदेशपुर में खेला जाएगा.